खजुराहो में हो रही मंत्रियों के विभागों की समीक्षा बैठक से पहले खाद की किल्लत को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया। सोमवार को बमीठा थाना क्षेत्र में हजारों किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 पर जाम लगा दिया। इससे खजुराहो जा रहे मंत्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। दरअसल, खजुराहो में बैठक की तैयारियां चल रही थीं, वहीं पास की सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हरपालपुर में भी खाद की कमी से परेशान किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 पर थाने के सामने जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन किसानों को समझाने में जुटा रहा। किसान देर रात से मंडी में लाइन में खड़े दिखे
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह से 1300 से ज्यादा टोकन बांटे जा चुके थे। किसानों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सटई रोड स्थित मंडी में भी किसान देर रात से लाइन में खड़े दिखे। पिछले बुधवार को इसी मंडी में हजारों किसानों की भीड़ के कारण व्यवस्था बिगड़ गई थी और किसानों ने सड़क जाम कर दी थी। तहसीलदार के थप्पड़ मारने से बढ़ा था विवाद
सौरा मंडल की तहसीलदार ऋतु सिंघई द्वारा छात्रा को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने से विवाद और बढ़ गया था। इसके बाद ईसानगर तहसीलदार आकाश नीरज और एसडीएम अखिल राठौर पर भी महिलाओं से बदसलूकी और झूमाझटकी के आरोप लगे थे। इस घटना को लेकर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया था, जिसके बाद ऋतु सिंघई की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महंगी खाद बेचने की शिकायत भी सामने आ रही
हालांकि, अभी तक किसी अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लवकुशनगर में भी खाद वितरण केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। बुवाई का समय होने के कारण किसान खाद के लिए परेशान हैं, वहीं बाजार में डीएपी 1900 से 2000 रुपए और यूरिया के 500 से 600 रुपए प्रति बोरी ब्लैक में बिकने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। देखिए जाम की तस्वीरें…


