रात में युवक को बदमाशों ने पीटा, सुबह मृत मिला:जबलपुर में डबल मर्डर; शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी फरार

जबलपुर में कुछ घंटों के भीतर दो हत्याएं हो गईं। शक्ति नगर चौपाटी में चायनीज फूड ठेला संचालक 40 साल के व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या हुई। वहीं राजीव नगर में 28 साल के अंकित ठाकुर को घर के सामने पीटा गया और वह सुबह मृत मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे दो युवक घर के सामने पहुंचे और अंकित ठाकुर से मारपीट की। शोर सुनकर पड़ोसी बाहर आए तो आरोपी भाग निकले। परिवार अंकित को घर ले आया, जहां उसे सुलाया गया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वह नहीं उठा तो मां ने कमरे में जाकर देखा, जहां वह मृत अवस्था में मिला। पहले भी हो चुका था हमला अंकित की मां ने बताया कि रात को अंकित घर के सामने टहल रहा था, तभी अंजुल ठाकुर, सौरभ और यश नामक युवक वहां पहुंचे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। परिवार ने यह भी बताया कि 25 नवंबर को भी इन्हीं युवकों ने अंकित पर चाकू से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना से पहले अंकित अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था और आरोपी भी वहीं मौजूद थे। माना जा रहा है कि नशे में अंकित और अंजुल के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने घर के सामने दोबारा हमला कर दिया। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने अंकित को घर ले जाकर सुला दिया था। सुबह उसकी मौत का पता चला। परिवार का आरोप है कि अंजुल और उसके साथी पड़ोस में दबदबा बनाए रखने के लिए आए दिन मारपीट करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मानस द्विवेदी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में रात को पड़ोस के लड़कों से विवाद और मारपीट की पुष्टि हुई है। टीआई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़ें… जबलपुर में चाइनीज फूड ठेले वाले की सरेराह हत्या चार बदमाशों ने सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब मोनू अपने कर्मचारी के साथ दुकान बंद कर रहा था। ठीक उसी दौरान आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मोनू को घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोनू को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चारों आरोपी मौके से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *