झाबुआ में किसानों ने पकड़ा दो टमाटर चोर, अन्य फरार:लगातार चोरी से परेशान होकर चौकी घेरकर कार्रवाई की मांग की

झाबुआ जिले के खवासा चौकी क्षेत्र में देर रात किसानों ने टमाटर चोरी करते हुए दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। चोरों को लेकर किसान जैसे ही चौकी पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए और लगातार हो रही चोरियों के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि उनके खेतों से लगातार फसलें, पानी की मोटरें, पाइप और अन्य कृषि उपकरण चोरी हो रहे हैं। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद चोर पकड़े नहीं जा रहे थे, जिससे उनमें भारी आक्रोश था। दशरथ पिता रुपाजी पाटीदार ने बताया कि देर शाम जब वे अपने खेत पहुंचे, तो उन्होंने लगभग पांच लोगों को टमाटर ले जाते देखा। उनके शोर मचाने पर उनका पुत्र और आसपास के अन्य किसान भी मौके पर पहुंच गए। चोर भागने लगे, लेकिन किसानों ने टिंकू पिता धीरजी डाबी (निवासी कदवाली) और पंकेश पिता शेखर भूरिया (निवासी नगरी) को पकड़ लिया। अन्य चोर भागने में सफल रहे। किसानों ने पकड़े गए चोरों के साथ कुल 50 किलोग्राम टमाटर और दो मोटरसाइकिलें खवासा चौकी को सौंप दीं। इस दौरान किसानों ने चोरों पर तत्काल कार्रवाई और उनसे अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ की मांग की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने इस मामले में प्रकरण क्रमांक 157/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 (2) में मामला दर्ज किया, जिसके बाद किसान शांत हुए। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *