रतलाम में टैंकर की टक्कर से हादसा:ग्रामीणों ने किया चक्काजाम; रोड चौड़ीकरण और स्पीड ब्रेकर की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम

रतलाम के बांगरोद में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन डिपो के पास सोमवार सुबह टैंकर की टक्कर से एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आए दिन हो रहे हादसों से नाराज ग्रामीणों ने बांगरोद-रतलाम रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब 10.30 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन प्रशासनिक अधिकारियों और इंडियन ऑयल प्रबंधन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन को सुधार के लिए 15 दिन का समय दिया है। बांगरोद में इंडियन ऑयल का डिपो स्थित है, जहां आने-जाने वाले टैंकर ग्रामीण क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। यहां सड़क की चौड़ाई कम है। सोमवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। इस घटना से गुस्साए ग्रामीण सुबह 10.30 बजे बांगरोद से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर धरने पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। रोड चौड़ीकरण और स्पीड ब्रेकर की मांग ग्रामीणों का कहना है कि टैंकरों के कारण क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि रोड का चौड़ीकरण किया जाए और दोनों किनारों पर खाली जगहों में मिट्टी डालकर समतल किया जाए। इसके अलावा, रास्ते में आ रही अनावश्यक पेड़ की डालियां हटाई जाएं, स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं ताकि रफ्तार कम हो और अंधेरे को दूर करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार संदीप इवने, नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी और बांगरोद चौकी प्रभारी मुकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इंडियन ऑयल डिपो के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। काफी देर तक समझाइश और अधिकारियों द्वारा आश्वासन देने के बाद ग्रामीण सड़क से हट गए। 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो फिर आंदोलन भाजपा मंडल महामंत्री शोनु समोत्रा ने बताया कि आए दिन टैंकरों की ओवर स्पीड के कारण ग्रामीण क्षेत्र में हादसे होते हैं। सोमवार सुबह भी एक बाइक को स्पीड में टैंकर ने टक्कर मारी है। अधिकारियों ने 15 दिन का आश्वासन दिया है। मांगें नहीं मानी गईं तो फिर से आंदोलन करेंगे। वहीं, चौकी प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि सड़क मार्ग पर ग्रामीणों की स्थानीय समस्या थी, जिसे अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म करा दिया गया है। प्रदर्शन में मंडल उपाध्यक्ष देवेंद्रसिंह शेखावत, जनपद सदस्य हरीश पटेल, आशीष धाकड़, संजय पाटीदार आदि शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *