ई-अटेंडेंस व्यवस्था को खत्म करने की मांग:तिरला में शिक्षकों ने CM के नाम ज्ञापन सौंपा; बोले- हम नियमित काम करते हैं, यह अनावश्यक

धार जिले के तिरला ब्लॉक में राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के आह्वान पर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विकास खंड शिक्षा अधिकारी को दिया गया। शिक्षकों ने वरिष्ठता निर्धारण और ई-अटेंडेंस व्यवस्था को खत्म करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया है कि अध्यापक संवर्ग की नियुक्ति 1 जुलाई 2018 को हुई थी। हालांकि, उन्हें अब तक नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ नहीं मिला है। इससे शिक्षकों की पदोन्नति, समयमान वेतनमान और अन्य सेवा सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताया। उनका कहना है कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल पहुंचकर कार्य करते हैं, ऐसे में यह कठोर व्यवस्था अनावश्यक है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में नेटवर्क की समस्या के कारण यह प्रणाली और भी जटिल हो जाती है। संघ ने इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय राज्य शिक्षक संघ के संरक्षक योगेन्द्र पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष शुक्ला, हेमन्त प्रजापत, जीवन मकवाना, नारायण पाटीदार, मनोज मुकाती, संगीता यादव, नम्रता चौहान, आरती वर्मा और राज पारगी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। संघ के योगेन्द्र पांडे, जीवन मकवाना और हेमन्त प्रजापत ने बताया कि वरिष्ठता निर्धारण, पदोन्नति, समयमान वेतनमान और सेवा शर्तों से संबंधित कई मुद्दे वर्षों से लंबित हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेशभर में एक साथ ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं, ताकि सरकार इन पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय ले सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *