रीवा जिले के डभौरा क्षेत्र की कंपोजिट मदिरा दुकान पर रविवार रात गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शराब खरीदने पहुंचे एक युवक ने जब तय कीमत से ज्यादा दाम (ओवररेटिंग) का विरोध किया, तो दुकान के कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। युवक ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, जिससे नाराज होकर दुकानदार ने गालियां दीं और उसे पीटा। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। पीड़ित युवक ने बताया कि जब उसने शराब की कीमत पूछी, तो उसे शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक रेट बताया गया। उसने इस ओवररेटिंग का विरोध किया और सबूत के लिए मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देख दुकान के अंदर मौजूद दुकानदार आगबबूला हो गया। आरोपी ने युवक को मां-बहन की गालियां दीं और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित युवक का नाम गोलू उर्फ शिवचरण पटेल पिता अर्जुन सिंह निवासी डभौरा वॉर्ड नंबर 4 बताया गया है। मौके पर मची अफरा-तफरी मारपीट के दौरान दुकान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य लोग मूकदर्शक बने रहे। इस घटना ने शराब दुकानों पर नियमों की अनदेखी और बढ़ती दबंगई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां ओवररेटिंग आम बात हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। आबकारी विभाग की निगरानी पर सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग और प्रशासन की ओर से कोई सख्त निगरानी नहीं की जा रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या शासन ने शराब बेचने के साथ-साथ मारपीट का भी लाइसेंस दे दिया है? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी सख्ती दिखाता है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।


