कोटपूतली में ‘संकल्प अभियान हर घर तक’ शुरू:100 दिन की कार्ययोजना का पोस्टर विमोचन, जनसमस्याओं पर रहेगा फोकस

राजस्थान युवा कांग्रेस के आह्वान पर कोटपूतली में ‘संकल्प अभियान हर घर तक’ की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर आगामी 100 दिन की कार्ययोजना के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। अभियान के पोस्टर का विमोचन कोटपूतली-बहरोड़ जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक इन्द्राज सिंह गुर्जर, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, मुंडावर विधायक ललित यादव, पूर्व विधायक बलजीत यादव, पीसीसी महासचिव देव कसाना और संजय यादव बहरोड़ ने किया। अभियान में ‘वोट चोरी-चुनाव चोरी (एसआईआर)’ जैसे मुद्दों के साथ युवाओं के लिए ‘ड्रग्स के विरुद्ध युद्ध’ और ‘नशा नहीं रोजगार दो’ जैसे विषय शामिल हैं। किसानों के लिए संपूर्ण कर्जा मुक्ति, सिंचाई पानी की कमी, दूषित पेयजल प्रबंधन, एमएसपी का सही क्रियान्वयन न होना, फसल खराब होने पर उचित मुआवजा न मिलना और खाद-यूरिया की कालाबाजारी जैसी समस्याओं को उठाया जाएगा। छात्रों और युवाओं से संबंधित मुद्दों में भर्ती परीक्षाओं में देरी, विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती न होना, आरपीएससी/आरएसएसबी में सुधार की मांग, आरक्षित वर्गों के आरक्षण से छेड़छाड़ बंद करने, एससी-एसटी छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति जारी करने, बेरोजगारी भत्ता देने, उच्च शिक्षा में शिक्षा वीर योजना बंद करने और स्कूटी वितरण में ओबीसी छात्राओं को शामिल करने की मांग शामिल है। बिजली की अव्यवस्था, स्मार्ट मीटर और बिलों की गड़बड़ियां, ग्रामीण क्षेत्रों में अनियमित आपूर्ति भी अभियान के प्रमुख मुद्दे हैं। पानी के गंभीर संकट को लेकर कई गांवों में पेयजल की कमी, टैंकरों पर निर्भरता और जल स्रोतों के सूखने की समस्या पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा, गांवों-कस्बों में खराब सड़कें, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और स्कूलों में स्टाफ की भारी कमी जैसे बुनियादी ढांचे के मुद्दे भी उठाए जाएंगे। महंगाई का बोझ भी एक बड़ा मुद्दा है, जिसमें गैस, खाद्य पदार्थ, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम परिवार का बजट बिगड़ रहा है। महिलाओं की सुरक्षा भी चिंता का विषय है, जिसमें महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, सुरक्षित परिवहन और रात में सुरक्षा की कमी जैसी समस्याओं को उठाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *