छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर एक कमरे में सोमवार सुबह 30 वर्षीय महेश कुशवाहा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। महेश कुशवाहा गल्ला मंडी का निवासी था। उसकी शादी वर्ष 2017 में ज्योति कुशवाहा से हुई थी और वह शादी के बाद से अपने ससुराल पक्ष के साथ रह रहा था। युवक रात में कमरे में अकेला सोया था परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे महेश घर लौटा। वह कमरे की चाबी लेकर अपनी पत्नी को साथ लिए बिना अपने कमरे में चला गया। सोमवार सुबह 9 बजे तक जब उसने फोन नहीं उठाया, तो उसके ससुर अनंतराम कुशवाहा को संदेह हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो महेश फांसी पर लटका हुआ था। परिजन ने जताई हत्या की आशंका अनंतराम कुशवाहा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक के चाचा मोहनलाल कुशवाहा ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि महेश शादी के बाद से अकेला रह रहा था। चाचा अनुसार, घटनास्थल पर महेश की अपनी गाड़ी नहीं मिली, जबकि किसी अन्य व्यक्ति की प्लैटिना मोटरसाइकिल वहां खड़ी थी। इसके अलावा, महेश का शव घुटनों के बल फांसी पर लटका हुआ था, जो स्थिति संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।


