दतिया शहर की पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। कॉलोनी में स्थित एक मकान के अंदर बने गोदाम से उठती आग की लपटें कुछ ही मिनटों में तेज होती गईं और धुआं दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी और खुद भी आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। लेकिन प्लास्टिक और रबर जैसी जल्दी सुलगने वाली सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। जानकारी के अनुसार, अनामय ऑटो पार्ट्स के संचालक सतीश गुप्ता ने कॉलोनी में स्थित एक मकान को किराए पर लेकर उसमें गोदाम बना रखा था। यहां पानी की प्लास्टिक वाल्व, पुरानी रबर पाइप और टायर बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। दोपहर के समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। शुरुआत में धुआं कम दिखाई दे रहा था, लेकिन जैसे-जैसे आग प्लास्टिक और टायरों तक पहुंची, लपटें तेज हो गईं और काले धुएं के बड़े बादल आसमान में फैलने लगे। क्षेत्र में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और पानी डालकर आग को आगे फैलने से रोकने की कोशिश में जुट गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकतर सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धुआं कई किलोमीटर दूर तक देखा गया और कुछ समय के लिए पूरे इलाके में सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई। फायर कर्मियों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और इसमें लगभग ढाई लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। गोदाम आवासी इलाके के बीच में होने के कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था। सौभाग्य से आग पड़ोस के मकानों तक नहीं पहुंची, अन्यथा नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था। फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर स्थिति को काबू में कर लिया, जिससे आसपास के घर सुरक्षित रहे।


