बुरहानपुर के नेपानगर में सातपायरी में निर्माण कार्यों के लिए 15 करोड़ 75 लाख 30 हजार 722 रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों में सीमेंट कॉन्क्रीट सड़क, ह्यूम पाइप कल्वर्ट और आरसीसी सतही नाली का निर्माण शामिल है। विधायक मंजू दादू ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के लोग कई महीनों से इन कार्यों को कराए जाने की मांग की जा रहे थे। इसी क्रम में हाल ही में भोपाल दौरे के दौरान सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप से मुलाकात कर इस संबंध में एक पत्र सौंपा था और कार्य की स्वीकृति का अनुरोध किया था। ह्यूम पाइप कल्वर्ट यानी सड़क के नीचे दबा एक मजबूत, गोल पाइप। यह पाइप RCC (सीमेंट और सरिया) से बना होता है। इसका काम है पानी को सड़क के आर-पार निकालना, ताकि बारिश या नाले का पानी सड़क पर जमा न हो और गाड़ियां बिना रुके चल सकें। इसे एक अंडरग्राउंड नाली समझिए। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होंगे। इन कार्यों के पूरा होने से औद्योगिक क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।


