निवाड़ी में खाद संकट, यूरिया न मिलने से अटकी बुवाई:सुबह से लंबी कतारें, फिर भी खाली हाथ लौट रहे किसान

निवाड़ी जिले में खाद संकट गहरा गया है। यूरिया न मिलने के कारण किसानों की फसलों की बुवाई अटक गई है। खाद वितरण केंद्रों पर किसान सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। निवाड़ी, टेहरका और झींगौरा समेत आधा दर्जन गांवों से आए किसान सुबह 6 बजे से ही आधार कार्ड और पर्ची लेकर लाइन में लगे हैं। किसान रामकिशोर प्रजापति ने बताया कि उन्हें बार-बार खाद खत्म होने की जानकारी दी जा रही है। महिला किसान रामलली राजपूत के अनुसार, वितरण केंद्र पर लाइनें व्यवस्थित नहीं हैं और समिति के कर्मचारी खाद की उपलब्धता पर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें ‘स्टॉक आने वाला है’ कहकर घंटों इंतजार कराया जाता है, लेकिन खाद नहीं मिलती। यह समस्या प्रतिदिन सामने आ रही है, जिससे किसान परेशान हैं। इस संबंध में निवाड़ी एसडीएम मनीषा जैन ने बताया कि किसानों को तीन पीओएस मशीनों के जरिए खाद वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को व्यवस्थित करने के लिए लाइनें लगाई गई हैं और आज रात तक सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *