चूरू शहर में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों की गढ़ से सुभाष चौक तक पैदल परेड निकाली। इस दौरान सभी आरोपियों ने महिलाओं के कपड़े पहने हुए थे। उनके सिर मुंडे हुए थे और वे कान पकड़कर नंगे पैर चल रहे थे। आरोपियों ने सलवार-कुर्ता पहन रखा था। इस दौरान लोगों ने ‘चूरू पुलिस जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि यह वारदात 2 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई थी। वार्ड 58 निवासी मुन्नवर ने इस साजिश को अंजाम दिया। उन्होंने अपने ही मोहल्ले की दुकान में बैठी महिला दुकानदार बिस्मिल्लाह (60) के गले से करीब 17 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली थी। वारदात में एक आरोपी ने बाइक उपलब्ध कराई, जबकि दो बदमाशों ने बाइक पर आकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में वार्ड 58 निवासी मुन्नवर हुसैन, वार्ड एक भूतिया बास निवासी मुरलीधर मेघवाल, कड़वासर वार्ड दो निवासी प्रमोद कुमार नायक और कुमार सानू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। थानाधिकारी चोटिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पहले महिलाओं के भेष में इलाके की रैकी करते थे और मौका मिलते ही चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिनसे ऐसी अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।


