अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र में गल्ला व्यापारी से हुई 20 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र के उमरिया कला गांव निवासी अनिकेत मीना (25) पुत्र छतर सिंह मीना के रूप में हुई है। पुलिस ने अनिकेत मीना के पास से 10 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस अभी भी तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है, जो घटना में शामिल थे। यह घटना 3 दिसंबर को हुई थी। शाढ़ौरा निवासी गल्ला व्यापारी नीरज साहू अशोकनगर से बैंक से 20 लाख रुपए निकालकर अपने व्यापार के लिए जा रहे थे। नगऊखेड़ी गांव के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर उनसे यह राशि लूट ली थी। पुलिस ने इस लूटकांड के मास्टरमाइंड शाढ़ौरा निवासी राजा भदौरिया को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। राजा भदौरिया ने पूछताछ में अनिकेत मीना के साथ-साथ शिवा उर्फ शिवकुमार रघुवंशी (ग्राम बारमहू, हाल आरोन), जसरथ उर्फ सोनू मीना (ग्राम केशोपुर, थाना कुंभराज) और गोलू उर्फ राहुल मीना (ग्राम उमरिया कला, थाना कुंभराज) के शामिल होने की जानकारी दी थी। शाढ़ौरा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से ही बदमाशों की लगातार तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही हैं।


