नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:पन्ना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पकड़ा; जेल भेजा

पन्ना जिले में नाबालिगों के अपहरण और यौन शोषण के मामलों में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इसी कड़ी में, सलेहा थाना पुलिस ने एक नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक विशेष अभियान के तहत की गई है। यह मामला 11 सितंबर 2025 को सामने आया था, जब एक पीड़ित परिवार ने सलेहा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी नाबालिग भतीजी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। इसके बाद थाना सलेहा में अपराध क्रमांक 295/25 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सलेहा, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साइबर सेल पन्ना की तकनीकी सहायता और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। अथक प्रयासों के बाद, पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सुरक्षित ढूंढ निकाला। हालांकि, पीड़िता के बयान ने मामले को नया मोड़ दिया, जिसमें उसने आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस को 7 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कहीं बाहर भागने की फिराक में सथनिया मोड़ (पवई-सलेहा रोड) पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय पन्ना में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल पन्ना भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में महिला और बाल अपराधों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, सउनि सुशील तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेश प्रजापति, आदित्य कुशवाहा, आरक्षक बबलू पटेल, विनय वर्मा और आशीष बुनकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *