शाजापुर में रणजीत हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह शुरू:12 दिसंबर को शिव परिवार संग विराजेंगे राम भक्त हनुमान

शाजापुर के महूपुरा स्थित रणजीत हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य जनसहयोग से पूर्ण हो चुका है। अब यहां पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ हो गया है। इस समारोह के तहत 12 दिसंबर को श्री रणजीत हनुमान जी और शिव परिवार की प्रतिमाएं मंदिर में स्थापित की जाएंगी। समारोह की शुरुआत सोमवार को श्री रणजीत हनुमान जी और शिव परिवार की प्रतिमाओं के दस विधि स्नान जलाधिवास के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह प्राचीन मंदिर महूपुरा चौराहा पर स्थित है। आयोजन के दूसरे दिन, मंगलवार को मंदिर पर पुष्य नक्षत्र मंडल पूजन, फलाधिवास एवं पुष्पाधिवास संपन्न होगा। तृतीय दिवस बुधवार को अश्लेषा नक्षत्र मंडल पूजन एवं भगवान का धनाधिवास किया जाएगा। चतुर्थ दिवस गुरुवार को भद्रा नक्षत्र मंडल पूजन, भगवान का पंचामृत अभिषेक, शयनवास पत्ताधिवास एवं अग्नि स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन, 12 दिसंबर शुक्रवार को हनुमान अष्टमी के अवसर पर पूर्व फाल्गुनी नक्षत्र मंडल पूजन, भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा, कलश यात्रा एवं महाआरती का आयोजन होगा। मंदिर सेवा समिति के अनुसार, प्राण-प्रतिष्ठा के दिन शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समस्त धार्मिक आयोजन पं. सुमित व्यास यज्ञाचार्य द्वारा संपन्न कराए जाएंगे। पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन के लिए मंदिर परिसर और आसपास के पूरे मार्ग पर आकर्षक साज-सज्जा की गई है। यहां मिट्टी से हवन कुंड भी बनाया गया है। श्री रणजीत हनुमान मंदिर सेवा समिति ने अधिक से अधिक भक्तों से संपूर्ण आयोजन में सम्मिलित होकर इसे सफल बनाने का अनुरोध किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *