बुआ पर जानलेवा हमला करने वाला भतीजा गिरफ्तार:10 हजार रुपयों की थी मांग, नहीं दिया तो की मारने की कोशिश

चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र के पीपलखेडी गांव में कई दिन पहले हुई एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वजेराम, जो रिश्ते में पीड़िता का भतीजा है, वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार वजेराम अपनी बुआ गोपी बाई से 10 हजार रुपयों की मांग कर रहा था। जब बुआ ने पैसे देने से मना किया, तो उसने गुस्से में आकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस की संयुक्त टीम ने साईबर सैल की मदद से आरोपी को पकड़ा और अदालत में पेश कर रिमाण्ड पर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची भादसोड़ा थाना पुलिस को 28 नवंबर को सूचना मिली थी कि पीपलखेडी गांव में खेत में झोपडी में अकेली रहने वाली गोपी बाई पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से सिर और चेहरे पर वार कर दिया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। जानकारी मिलते ही थानाधिकारी महेंद्र सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। खेत के किनारे बनी झोपड़ी में गोपी बाई बेसुध हालत में पड़ी मिलीं। उनके चेहरे और सिर पर कई गहरे घाव थे और खून से लथपथ कुल्हाड़ी झोपड़ी में ही पड़ी थी। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत आकोला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत होने पर चित्तौड़गढ़ और बाद में उदयपुर रेफर कर दिया। पुत्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट, झोपड़ी में खून से सनी कुल्हाड़ी मिली बुजुर्ग महिला के बेटे पप्पूलाल ने पुलिस को बताया कि उसकी मां खेत पर बनी झोपड़ी में रहती हैं और घटना वाले दिन वह सुबह करीब 4 बजे वहां पहुंचा था। मां रजाई ओढ़कर लेटी हुई थीं। रजाई हटाने पर वह यह देखकर दंग रह गया कि चेहरे पर कई चोटें थीं और खून बह रहा था। पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी थी। पप्पूलाल ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर मां को हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसकी रिपोर्ट पर भादसोड़ा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने गठित की विशेष टीम, साइबर सैल की मदद से आरोपी गिरफ्तार घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में डीएसपी विनोद लखेरा के सुपरविजन में थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में एएसआई जीवन सिंह, कांस्टेबल रतनलाल, वीरेंद्र सिंह, प्रकाश, यादराम और साइबर सैल के हैड कांस्टेबल राजकुमार शामिल थे। एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके का निरीक्षण किया। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी वजेराम को दबोच लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने बुआ से पैसे मांगे थे और मना करने पर गुस्से में पहले गला दबाया और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *