खरगोन जिले में बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मंगलवार से सुबह की पाली में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल सुबह 8:30 बजे से पहले नहीं लगेंगे। यह आदेश जिला प्रशासन ने सोमवार शाम जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. कानूड़े ने बताया कि सुबह की पारी में चलने वाले सभी स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों के लिए प्रवेश का समय सुबह 8:30 बजे के बाद निर्धारित किया गया है। यह आदेश फिलहाल 30 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा। परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही किया जाएगा। जिले में पिछले 5 दिनों से शीतलहर का असर जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर हवा 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। पिछले कुछ दिनों के तापमान पर गौर करें तो सोमवार को 10.8 डिग्री, रविवार को 11.0 डिग्री, शनिवार को 12.4 डिग्री और शुक्रवार को 13.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।


