चास के राणा प्रताप नगर कॉलोनी में सोमवार की सुबह एक विवाहिता का शव उसके ही घर पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाा। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। इधर, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि महिला ने सुसाइड किया है। मृतका की मां रतन सरकार ने बताया कि बेटी मिताली शर्मा की शादी 13 वर्ष पूर्व राज कुमार शर्मा के साथ हुई थी। तब से दामाद द्वारा बेटी के साथ मारपीट की जा रही थी। सोमवार को उन्हें बेटी द्वारा आत्महत्या करने की सूचना दी गई। हमलोग जमशेदपुर से चास पहुंचे तो देखा कि बेटी का शव पड़ा हुआ है। दामाद का किसी लड़की से अफेयर: सास रतन सरकार ने बताया कि दामाद का किसी लड़की से अफेयर चल रहा है। इसका मेरी बेटी विरोध कर रही थी, जिसके कारण उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है। दामाद ने दो दिन पहले ही कहा था कि अपनी बेटी को ले जाइए, लेकिन हम लोगों ने दंपती का विवाद मानकर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसका सुलह चास थाना में हुआ था। मृतिका की मां के अनुसार, शादी के 13 वर्षों से मिताली पर अत्याचार हो रहा था। इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पति को हिरासत में ले लिया गया है। आसपास पता लगाने पर यह पता चला कि पति का प्रेम प्रसंग किसी अन्य महिला से चल रहा है। इसी कारण कुछ दिन पहले चास थाना में पति-पत्नी दोनों शिकायत लेकर आए थे। उस समय दोनों को समझा कर वापस घर भेज दिया गया था। महिला के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उसके पति को हिरासत में लिया गया है। -गीता कुमारी पांडे, जमादार, चास थाना


