लुधियाना में जगराओं के गांव अखाड़ा में लग रही बॉयो गैस फैक्ट्री को पूर्ण रूप से बंद करवाने को लेकर आंदोलन कर रहे गांव निवासी आज फिर भड़क गए। सोमवार को किसान नेताओं की अगवाई में हाथों में झंडे लेकर सड़क पर उतर कर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। गांव के लोगों ने गांव में मार्च करते हुए हठूर रोड स्थित फैक्ट्री के गेट को बंद कर धरना लगा दिया। धरना सभा को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन एकता डकौदा के जिला अध्यक्ष जगतार सिंह देहडका ने कहा कि जिला पुलिस- प्रशासन के फैक्ट्री को चालू करने के दांव पेंच और साजिशों को किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक आधार पर समन्वय समिति द्वारा सरकार को भेजे गए दस्तावेजों में यह साबित हो चुका है कि ये गैस फैक्ट्रियां कैंसर जैसी घातक बीमारियों को बढ़ावा दे रही हैं। पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की दुश्मन हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई ठोस जवाब नहीं है। सरकार कोर्ट में सही तथ्य पेश करें : गुरतेज सिंह संघर्ष समिति के नेता एवं ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष गुरतेज सिंह ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते कहा कि सरकार हाईकोर्ट में सही पक्ष व तथ्य पेश कर बताए कि गांव अखाड़ा में दो चार लोग नहीं पूरा गांव सड़क पर बैठा है। गांव निवासी हर तरह की कुर्बानी देने को तैयार हैं, लेकिन फैक्ट्री का निर्माण नहीं होने देंगे। जिला सचिव इंद्रजीत सिंह धालीवाल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 9 जनवरी को मोगा की दाना मंडी में होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में गांव अखाड़ा निवासी शामिल होंगे। धरने में जसवीर सिंह प्रो सरपंच, सुखजीत सिंह अखाड़ा, हरदेव सिंह अखाड़ा, निर्मल सिंह, जगदेव सिंह अखाड़ा, दर्शन सिंह अखाड़ा, स्वर्ण सिंह अखाड़ा, बहादुर सिंह, हरदीप सिंह दीपा, सरपंच बलजीत कौर, नसीब कौर, छिंदरपाल कौर, मंजीत कौर बलजीत कौर आदि महिला नेता मौजूद रहीं।


