दैनिक भास्कर में 8 दिसंबर को प्रकाशित खबर। जयपुर | कभी भी गिरने और जीर्ण-शीर्ण अवस्था के 275 साल प्राचीन भगवान के घर की मरम्मत के लिए शहर के एक भामाशाह आगे आए हैं। खण्डेलवाल वैश्य तीर्थस्थान ट्रस्ट, खंडेला धाम के अध्यक्ष आरसी गुप्ता शंकरपुरा स्थित मंदिर श्री ठाकुरजी राधा-गोविंददेवजी का जीर्णोद्धार कराएंगे। साथ ही मंदिर में रोशनी लाने के लिए पांच किलोवाट का सोलर प्लांट भी लगवाएंगे। उन्होंने बताया कि एक महीने में मंदिर का जीर्णोद्धार करवा देंगे। बता दें कि दैनिक भास्कर में 8 दिसंबर को ‘भगवान का घर जीर्ण-शीर्ण: ठाकुरजी को मरम्मत के लिए सरकार, पूर्व राजपरिवार और भामाशाहों का इंतजार, जो करा दे जीर्णोद्धार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर में बताया गया था कि शंकरपुरा स्थित ठाकुरजी राधा-गोविंददेवजी का एक मंदिर पूरी तरह से जीर्णशीर्ण हो चुका है। कभी भी गिरने की स्थिति में है। इसकी दीवारें, छत, छज्जे व खंभे आदि पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में भगवान का यह मंदिर कभी भी गिर सकता है। इस खबर को पढ़कर गुप्ता मंदिर की मरम्मत कराने के लिए आगे आए हैं।


