सतना में शराब दुकान के बाहर मारपीट में 3 घायल:सेल्समैन समेत दो गंभीर, एक रीवा रेफर

सतना के कोलगवां थाना अंतर्गत टिकुरिया टोला-बाइपास स्थित एक शराब दुकान के बाहर सोमवार रात जमकर मारपीट हुई। इस घटना में शराब दुकान के सेल्समैन समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को रीवा रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे लाइसेंसी शराब दुकान का सेल्समैन ऋषि प्रताप सिंह (35) ग्राहकों से लेनदेन कर रहा था। इसी दौरान एक कार से भैया खान, सादिक (28) पिता शराफत निवासी कंपनी बाग और एक अन्य युवक वहां पहुंचे। इनका विवाद दुकान के पास मौजूद केपी जायसवाल (50) पिता रामखेलावन निवासी टिकुरिया टोला से हो गया। आरोपियों ने केपी जायसवाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर सेल्समैन ऋषि प्रताप ने विवाद रोकने और लोगों को हटाने का प्रयास किया। इस पर कार से आए आरोपियों ने उस पर भी शराब की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने हमलावरों को खदेड़ा। भैया खान समेत दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन सादिक भीड़ के हत्थे चढ़ गया, जिसकी लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ऋषि प्रताप और सादिक की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात गंभीर सेल्समैन ऋषि प्रताप को रीवा रेफर कर दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *