रतलाम पुलिस ने खुद को ज्योतिषाचार्य बताकर पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला से ₹4 लाख 60 हजार की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 7 माह से फरार चल रहा था और वह गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसे पकड़ा और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि 22 मई 2025 को एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि आरोपी ने पूजा-पाठ के नाम पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर उसके साथ ₹4,60,000 की धोखाधड़ी की है। महिला की रिपोर्ट पर धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस तब से आरोपी की तलाश कर रही थी। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने ठगी के सारे रुपए खर्च कर दिए हैं और उससे रकम बरामद नहीं हो पाई है। साइबर सेल की मदद से 7 माह बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम बनाई थी। साइबर सेल की मदद और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस 7 माह की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी तक पहुंची। ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी की पहचान तरुण (36) पिता रामगोपाल सिंह कोरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राकेश मार्ग, गाजियाबाद (यूपी) का निवासी है और हाल मुकाम राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद में रह रहा था। पुलिस आरोपी को गाजियाबाद से पकड़कर रतलाम लाई। ‘मेट्रोमोनियल साइट’ से हुआ था परिचय
महिला ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि जून या जुलाई 2024 में उसने शादी.कॉम (Shaadi.com) पर अपनी ऑनलाइन प्रोफाइल बनाई थी। इसी प्लेटफॉर्म के जरिए उसका परिचय तरुण कुमार निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से हुआ। तरुण कुमार ने खुद को ज्योतिषाचार्य बताया था। पति की मृत्यु के कारण थी मानसिक रूप से परेशान
महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में उसके पति का अचानक निधन हो गया था, जिसके कारण वह मानसिक और भावनात्मक रूप से दुखी थी। उसने इस संबंध में तरुण कुमार से चर्चा की। तरुण ने महिला को उसकी पूर्व की घटनाओं की सारी जानकारी बताई, जिससे महिला को धीरे-धीरे उस पर विश्वास होने लगा। विश्वास होने के बाद महिला तरुण के कहे अनुसार उपाय और पूजा-पाठ आदि करने लगी। ‘सब ठीक कर दूंगा’ कहकर मंगवाए रुपए
आरोपी तरुण ने महिला को विश्वास दिलाया कि वह गाजियाबाद में पूजा-पाठ करके परिवार के सदस्यों को होने वाली समस्याओं का निवारण ज्योतिषी विधियों से कर देगा। उसने ज्योतिष से संबंधित कार्यों का भरोसा दिलाने के लिए अन्य लोगों से की गई चर्चा के स्क्रीनशॉट भी महिला को भेजे थे। तरुण ने महिला से पूजा-पाठ के नाम पर ऑनलाइन रुपयों का भुगतान करने को कहा। तरुण के कहने पर महिला ने उसके द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड के जरिए पहली बार ₹13,200 फोन-पे के माध्यम से भेजे। इसी तरह, अलग-अलग किश्तों में महिला ने कुल ₹4 लाख 60 हज़ार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब वह इसके बाद भी लगातार रुपयों की मांग करता रहा, तब महिला को उस पर शंका हुई और उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। गिरफ्तारी में इनकी रही अहम भूमिका
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, टीआई अमित कोरी, सब इंस्पेक्टर हिमाल सिंह डामोर, कॉन्स्टेबल नरेंद्र पावरा, कान्हा मेघवाल और सायबर सेल के कॉन्स्टेबल विपुल भावसार, राहुल पाटीदार एवं मोर सिंह डामोर की मुख्य भूमिका रही।


