गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला। यह घटना सलैया, न्यू गिरिडीह स्टेशन के पास हरिचक में हुई। मृतक की पहचान हरिचक निवासी टुपलाल दास के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश दास के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय रेलवे ट्रैक के पास शव देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकाश दास शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।


