धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में घायल की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना झोर वाली माता मंदिर के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान गिरिराज कॉलोनी निवासी बबलू यादव (55) पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई है। बबलू यादव ट्रक ड्राइवर थे और सोमवार को बाड़ी में माल उतारकर धौलपुर लौट रहे थे। उन्होंने मंदिर के पास अपना ट्रक खड़ा किया और सड़क पार करने लगे। हायर सेंटर रेफर, रास्ते में मौत
इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मंगलवार को परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस बाइक सवार की तलाश कर रही है।


