बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में पिछले साल दिसंबर में शराब के ठेके पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भानाराम उर्फ भानिया और उसके साथी कंवराराम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी करीब एक साल से फरार चल रहे थे। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक साल पहले का मामला यह घटना 4 दिसंबर 2024 की रात कौशलू गांव स्थित शराब के ठेके पर हुई थी। 7-8 लोगों ने ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ की और कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। पीड़ित कर्मचारी ड्रंगराराम ने अगले दिन सिणधरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ठेके के पास अवैध कारोबार करना चाहता था आरोपी उसने बताया कि खारिया खुर्द निवासी भानाराम उर्फ भानिया पुत्र हकमराम अपने साथियों के साथ ठेके पर आया और हमला कर दिया। आरोप है कि भानाराम ठेके के पास अवैध कारोबार चलाना चाहता था और इसी दबाव में उसने वारदात को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी पर 5 हजार इनाम था घोषित घटना के बाद से भानाराम और उसका साथी कंवराराम पुत्र चूनाराम (निवासी निंबलकोट) फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी थी। मुख्य आरोपी भानाराम पर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। सिणधरी थानाधिकारी उमेश विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आखिरकार दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। भानाराम उर्फ भानिया के खिलाफ सिणधरी थाने में 6 और पाली में 1 मामला दर्ज है। कंवराराम के खिलाफ आरजीटी बाड़मेर में 3 और सिणधरी में 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया भानाराम ठेके के पास अवैध शराब का कारोबार शुरू करना चाहता था, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य साथियों व संभावित अवैध गतिविधियों की भी जांच जारी है।


