निवाड़ी जिले के तरीचर कला नगर में स्वर्गीय शांति देवी और स्वर्गीय श्यामलाल रावत की पुण्यतिथि पर एक निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लगातार दसवें वर्ष आयोजित हुआ, जिसमें 200 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया और 500 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। शिविर में मोतियाबिंद से ग्रस्त मरीजों को सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट भेजा गया, जहां उनका ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा। शिविर की शुरुआत नगर के वरिष्ठ नागरिकों और गणमान्यजनों ने दिवंगत आत्माओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट से आए नेत्र विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। सुबह से ही गांव और नगर के सैकड़ों लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में लगे दिखाई दिए। नेत्र परीक्षण के दौरान कई मरीजों में मोतियाबिंद, कमजोर दृष्टि और अन्य नेत्र रोग पाए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को तत्काल प्राथमिक सलाह दी गई और उन्हें ऑपरेशन के लिए चित्रकूट नेत्र चिकित्सालय रवाना किया गया। नगर के कई प्रमुख लोग शिविर में उपस्थित रहे और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। आयोजन में सहयोग देने वाले चंद्र प्रकाश रावत और उनके पारिवारिक सदस्यों ने मरीजों और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने इस वार्षिक शिविर की सराहना की, विशेषकर बुजुर्ग मरीजों ने कहा कि इससे उन्हें बड़े शहरों में जाने की परेशानी से मुक्ति मिलती है।


