कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और स्वदेशी जागरण मंच के सहयोग से झाबुआ जिले में ‘स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस देशव्यापी अभियान का उद्देश्य ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को बढ़ावा देना और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए जन जागरण करना है। यात्रा के दौरान लोगों ने विदेशी सामग्रियों का पूर्णतः बहिष्कार करने का सामूहिक संकल्प लिया।जन जागरण के उद्देश्य से निकाली गई यह यात्रा कल्याणपुरा, रायपुरिया होते हुए मंगलवार को पेटलावद पहुंची। पेटलावद में लोगों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। पेटलावद के गायत्री मंदिर पर यात्रा की अगवानी बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला झाबुआ के सदस्य विनोद बाफना, निलेश परमार, महेंद्र हामड, अनुपम भंडारी, मुकेश पडियार, हेमंत सिंह राठौर, गोलू काग, लोकेश सोलंकी, रवि बसौड, नितिन पिपलोदिया और लक्ष्मण परमार सहित अन्य साथियों ने की। इसके बाद, यात्रा स्थानीय शासकीय महावीर महाविद्यालय पहुंची, जहां एक क्लिपिंग भी दिखाई गई। उद्बोधन में विनोद बाफना ने सभी से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। जिले में इस यात्रा की शुरुआत सोमवार शाम 5 बजे राजवाड़ा से हुई थी। एसडीएम भास्कर गाचले ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।राजवाड़ा से रथ यात्रा के साथ दोपहिया वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गई। जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।इस अवसर पर कैट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मुकेश जैन नाकोड़ा और जिला महामंत्री पंकज जैन मोगरा के साथ स्वदेशी जागरण मंच के अनिल पोरवाल, मनोज उपाध्याय आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा के समक्ष, एसोसिएशन के पदाधिकारी-सदस्यों, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारियों, शहर के व्यापारियों और आमजनों ने देश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।


