भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर प्रस्तावित ‘हुंकार रैली’ को सफल बनाने के उद्देश्य से जोधपुर डिस्कॉम श्रमिक संघ की एक अहम बैठक फलोदी शहर स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने की। इसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और 26 दिसंबर को जयपुर में होने वाली रैली में अधिक से अधिक सहभागिता का संकल्प लिया। बैठक में अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ की कार्यसमिति सदस्य करन सिंह राजपुरोहित ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों के चलते ही कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिल सका था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार एक बार फिर इस योजना को खत्म करने का प्रयास कर रही है और साथ ही डिस्कॉम के निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। करन सिंह राजपुरोहित ने कहा कि यदि कर्मचारी एकजुट नहीं हुए तो उनके अधिकारों पर सीधा हमला होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करें और 26 दिसंबर को जयपुर पहुंचकर ‘हुंकार रैली’ में पूरी ताकत के साथ भाग लें। 26 दिसंबर को जयपुर पहुंचने का आह्वान बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि फलोदी और आसपास के क्षेत्रों से अधिक से अधिक कर्मचारी जयपुर जाएंगे और रैली को सफल बनाएंगे, ताकि सरकार तक कर्मचारियों की मांगों और विरोध का स्पष्ट संदेश पहुंचाया जा सके। इनकी रही मौजूदगी इस मौके पर संगठन के शहर संरक्षक एवं कनिष्ठ अभियंता अरविंद पंवार, रामचंद्र मेघवाल, शहर अध्यक्ष सवाई सिंह भाटी, अरुण पंवार, इमरताराम मेघवाल, विक्रम सिंह, नरेश मीना, भगवानराम विश्नोई, वीरेंद्र त्यागी, गणेश चौहान सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


