कोटपूतली जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आधारभूत सुविधाओं और राज्य सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। कलक्टर ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को घरेलू एवं कृषि बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। पीएचईडी विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जेजेएम के लक्ष्यों के अनुरूप और भविष्य की कार्य योजना तैयार कर समर कंटिंजेंसी के तहत कार्य करने को कहा गया। सीएमएचओ को मौसमी बीमारियों के मद्देनजर पर्याप्त दवा भंडार रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त परिवादों का तुरंत निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने आगामी दिनों में राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की निर्देशानुसार तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश सहारण सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


