आरईएस विभाग में अधिकारी गायब:कांग्रेस नेताओं ने दफ्तर में खड़े होकर बनाया वीडियो, बोले- अंधेरा पड़ा, कोई नहीं यहां

रीवा के आरईएस (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) विभाग में अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने विभागीय कार्यालय पहुंचकर दफ्तर के भीतर ही खड़े होकर वीडियो रिकॉर्ड किया और अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यालयीन समय के दौरान भी जिम्मेदार अधिकारी दफ्तरों से गायब रहते हैं, जिससे आम नागरिकों के जरूरी काम अटके हुए हैं। वीडियो में कांग्रेस नेताओं ने खाली पड़े कार्यालय और सुनवाई न होने की स्थिति को दिखाते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। इस पूरे मामले में हालांकि अभी तक विभाग की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। वहीं, विभागीय स्तर पर आरोपों को निराधार बताया गया है। कांग्रेस बोली- लोगों की सुनने वाला कोई नहीं
उधर, कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने कहा कि उन्हें जिस समय विभाग में आने का समय दिया गया था, उस दौरान भी अधिकारी कार्यालय से नदारद रहे। उन्होंने बताया कि वे काफी देर तक दफ्तर में इंतजार करते रहे, लेकिन वहां न तो कोई देखने वाला था और न ही सुनने वाला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से दूर-दराज के लोग अपनी समस्याएं लेकर आरईएस विभाग पहुंचते हैं, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि विभाग में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *