भास्कर संवाददाता | सीहोर विदिशा में सीहोर की डीसीए टीम ने जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अपने शुरुआती मैच में राजगढ़ की टीम को आठ विकेट से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में नवनीत सोनी ने कप्तानी पारी खेलते हुए विस्फोटक 48 रन बनाए और तीन विकेट भी हासिल किए। इसके अलावा, दीपेश सेन ने 43 रन बनाए, सक्षम ने तीन विकेट और देवेन्द्र ने दो विकेट हासिल किए। टीम की इस कामयाबी पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक सुदेश राय, सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, और कोच अक्षय दुबाने ने बधाई देते हुए टीम का उत्साहवर्धन किया। सीहोर डीसीए ने पिच को देखते हुए टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी राजगढ़ की पूरी टीम ने 38.2 ओवर में 160 रन बनाए। इसमें राजगढ़ के योगेश ने 50 रन बनाए। सीहोर डीसीए की तरफ से गेंदबाजी करते हुए नवनीत सोनी और सक्षम ने तीन-तीन विकेट, देवेन्द्र ने दो विकेट, और केशवादित्य व फरहान ने एक-एक विकेट हासिल किया। दो विकेट खोकर हासिल किया विजयी लक्ष्य:डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीहोर की टीम ने विजय लक्ष्य दो विकेट खोकर 36 ओवर में हासिल किया। इस मैच में टीम के कप्तान नवनीत सोनी के अलावा दीपेश सेन ने 43 रन, निर्मल मेवाड़ा ने 37 रन, और आदिल ने 29 रन की पारी खेली। बुधवार को सीहोर टीम का मुकाबला रायसेन से होगा।


