भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां गांव के ही 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी रिश्ते में बच्ची का मुंहबोला बड़ा पापा लगता है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची के पिता की शिकायत पर धालभूमगढ़ थाना में मामला दर्ज करने की कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कैसे हुई घटना : सोमवार शाम 5:30 बजे बच्ची घर के बाहर आग ताप रही थी। उसी समय आरोपी उसे बहला फुसलाकर झाड़ी की ओर ले गया, जहां उसके साथ ज्यादती की। इधर, जब बच्ची लापता हुई, तो चाचा और दादी मां सहित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के बाद बच्ची बांस की झाड़ी की ओर से रोते हुए और दर्द से कराहते हुए निकली। निजी डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप : परिजन सोमवार रात को ही दर्द से कराह रही बच्ची को इलाज के लिए एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। बच्ची की हालत और दुष्कर्म की जानकारी होने के बावजूद, डॉक्टर ने पुलिस को सूचना नहीं दी और केवल प्राथमिक इलाज के बाद बच्ची को घर भेज दिया। मंगलवार दोपहर जब बच्ची का दर्द असहनीय हो गया और उसने फिर से रोना शुरू कर दिया, तब परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धालभूमगढ़ ले गए। सीएचसी के चिकित्सक ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, मामले की जांच की और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव से खोजकर थाना लाई। बच्ची को प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी से अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां से आगे की जांच के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है और थाना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इस शर्मनाक कार्य को लेकर पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।


