गढ़वा | जोबरइया गांव में सोमवार की रात में अर्द्ध निर्मित शौचालय की टंकी में गिरने से 45 वर्षीय धर्मेंद्र बिंद पिता स्व. रामनरेश बिंद की मौत हो गई। मृतक के स्वजन ने बताया कि वह जोबरइया गांव में ही एक ईंट भट्ठा पर काम करता था। वहां से सोमवार को दिन में घर आया था। जबकि रात में अपने घर से ईंट भट्ठा पर काम करने के लिए जा रहा था। इस दौरान गांव में ही अर्द्ध निर्मित शौचालय की टंकी मे गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक के स्वजन को जानकारी मंगलवार की सुबह में मिली। तब पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। गढ़वा | बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पीपर डीह गांव निवासी शिव शंकर यादव का पुत्र उपेंद्र कुमार यादव 38 वर्ष ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि वह खेत में ट्रैक्टर मशीन से कुछ काम कर रहा था। उसी बीच एक युवक ने ट्रैक्टर के गियर लगाकर स्लेटर दबा दिया। जिससे वह उसकी चपेट में आने से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज चल रहा है। गढ़वा | सदर थाना क्षेत्र के टंडवा भागलपुर मोहल्ला निवासी लगन प्रजापति का पुत्र प्रेमचंद कुमार 14 वर्ष कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि वह अपने परिजन से मोटरसाइकिल खरीदने की बात कर रहा था। उसी बात को लेकर परिजन के द्वारा डाट फटकार किया था। उसी बात से उग्र होकर युवक ने कीटनाशक दवा खा लिया। घटना के बाद परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। गढ़वा | थाना क्षेत्र के लखना गांव निवासी नौशाद खान का पुत्र आदिल खान 15 वर्ष एवं उसी गांव के अल्जर खान 16 वर्ष मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव में ही घूम रहे थे। उसी बीच गांव में ही उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। जिससे दोनों घायल हो गए।


