नर्मदापुरम में बनेगी 4.57 करोड़ की नई सड़क:भोपाल तिराहे से सीधे जुड़ेगा हरदा रोड; 1.5 किमी का फेरा बचेगा, काम शुरू

नर्मदापुरम शहर के एसपीएम, ग्वालटोली और फेफरताल क्षेत्र के लोगों को जल्द ही एक नई सड़क की सौगात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) 4 करोड़ 57 लाख 88 हजार रुपए की लागत से भोपाल तिराहे से सीधे एसपीएम ग्वालटोली पुलिया (हरदा रोड) तक सीसी (सीमेंट कॉन्क्रीट) रोड बनवा रहा है। इसके बनने से लोगों को ग्वालटोली और किरण होटल का करीब डेढ़ किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी को इसका टेंडर मिला है और मौके पर सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में हरदा की तरफ से नर्मदापुरम आने-जाने वाले बस, ट्रक या छोटे वाहन ओवरब्रिज के नीचे, किरण होटल और ग्वालटोली वाले रास्ते का उपयोग करते हैं। नई सड़क बनने से हरदा रोड की ओर से आने वाले लोग सीधे आधे मिनट में ही भोपाल चौराहे पर आ-जा सकेंगे। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि ग्वालटोली क्षेत्र में भारी वाहनों के दबाव से भी लोगों को छुटकारा मिलेगा। 780 मीटर लंबी होगी सड़क, ब्रिज बॉक्स भी बनेंगे यह सड़क भोपाल तिराहे पर टू-लेन सड़क के पास से एसपीएम पुलिया तक बनाई जा रही है। इसकी कुल लंबाई 780 मीटर और चौड़ाई 5.5 मीटर होगी। इसमें दो पुलिया और एक छोटा ब्रिज बॉक्स भी बनाया जाएगा। भोपाल तिराहे के पास ऊंचाई अधिक होने की वजह से सड़क को ब्रिज की एप्रोच रोड की तरह ही बनाया जाएगा। बाढ़ के डूब क्षेत्र में निर्माण, उठ रहे सवाल PWD जिस जगह पर सड़क बनवा रहा है, वहां बारिश के मौसम में बाढ़ के दौरान नर्मदा का बैकवाटर जमा हो जाता है। इस वजह से आवागमन बंद हो जाता है। मास्टर प्लान के तहत नगरपालिका ने सालों पहले यहां बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे शासन ने डूब क्षेत्र बताते हुए निरस्त कर दिया था। अब यहां सड़क निर्माण होने पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। टेंडर हुए, अभी सफाई का काम जारी PWD के एसडीओ अमोल दुराफे ने बताया, “सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेंडर कर दिए हैं। अभी साफ-सफाई करवाई जा रही है, उसके बाद लेआउट होगा। भोपाल चौराहे को हरदा रोड से जोड़ने की जरूरत भी है। जिससे यातायात का दबाव कम होगा। लोगों को आवागमन का एक और विकल्प मिल जाएगा।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *