सतना जिले के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे निजी जमीन पर अवैध खनन करते हुए नायब तहसीलदार कमलेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान दो पोकलेन मशीनें और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। यह कार्रवाई मझगवां तहसील के चित्रकूट पटवारी हल्का कामता के ग्राम रजौला में की गई। सभी जब्त वाहनों को चित्रकूट पुलिस थाना परिसर में खड़ा किया गया। नायब तहसीलदार ने खनन संबंधी दस्तावेज मांगे, जो मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। निजी जमीन पर बिना अनुमति खनन जानकारी के अनुसार ग्राम रजौला में बालेश मिश्रा के नाम पर आराजी नंबर 283/2 पर दो एकड़ जमीन है। इसी जमीन पर बालेश मिश्रा द्वारा बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इस कार्य में दो पोकलेन मशीनें और चार ट्रैक्टर लगे हुए थे। नायब तहसीलदार कमलेश सिंह ने बिना अनुमति के निजी जमीन में किए गए इस अवैध खनन का प्रकरण तैयार कर मझगवां एसडीएम को प्रस्ताव भेजा है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राकृतिक मिट्टी के टीले नष्ट होने का खतरा चित्रकूट में प्राकृतिक रूप से बने मिट्टी के टीले इस क्षेत्र की पहचान हैं। अवैध खनन और प्लाटिंग के कारण ये टीले नष्ट हो रहे हैं। बालेश मिश्रा की जमीन पर भी मंदाकिनी नदी के किनारे ऐसे ही टीले मौजूद थे, जिन्हें खनन के जरिए नष्ट किया जा रहा था।


