बैतूल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 8 दिसंबर और 16 नवंबर को भी तापमान इसी स्तर पर रहा। पिछले 24 घंटों में पारे में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में जहां तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस था, वहीं दिसंबर के पहले सप्ताह में यह घटकर 8 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। जेट स्ट्रीम की सक्रियता से बढ़ी ठंड मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड बढ़ने की मुख्य वजह जेट स्ट्रीम का सक्रिय होना है। जेट स्ट्रीम लगभग 12 किलोमीटर ऊंचाई पर 200-220 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं होती हैं। उत्तर भारत में इसकी सक्रियता के कारण पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान तेजी से गिर रहा है। कोहरे का असर कम, सुबह-रात अधिक ठंड फिलहाल, कोहरे का असर ज्यादा नहीं है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव तेज बना हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और घट सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।


