वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही श्रीगंगानगर जिले में मौसम ड्राई बना हुआ है। जिसके कारण सूखी ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा, जिसके कारण जिले में बदलवाही रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। कृषि अनुसंधान केंद्र, श्रीगंगानगर पर बुधवार सुबह न्यूनतम 9.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 व अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि इससे पहले सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री व अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था। मौसम ड्राई बना रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और दिन में निकल रही तेज धूप से लोगों को राहत भी मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और न ही नमी का प्रभाव बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच बना रहेगा। 12 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, लेकिन इससे तापमान में उतार-चढ़ाव नहीं होगा।


