अजमेर में एक महिला एडवोकेट की सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर अश्लील टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति सहित अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से मामले की शिकायत अजमेर एसपी को दी गई। एसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। महिला ने शिकायत देकर बताया कि उसका पति और सास दहेज के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का एक अन्य महिला से संबंध भी है। इसकी जानकारी होने पर पति से बातचीत की तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसके घर वालों ने ससुराल वालों को समझने का प्रयास किया लेकिन उसके बावजूद भी उसे घर से निकाल दिया। इसकी शिकायत भी उसने महिला थाने में दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व उसके पति और उसकी महिला मित्र सहित अन्य लोगों ने एक इंस्टाग्राम आईडी पर उसकी फोटो पोस्ट की है। जिसमें अश्लील कंटेंट लिखकर उसकी छवि को धूमल किया गया है। जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


