शाजापुर में 2.90 करोड़ से बन रहा प्रवेश द्वार:उज्जैन के महामृत्युंजय द्वार की तर्ज पर 115 फीट ऊंचा द्वार, छह माह में होगा पूरा

शाजापुर में पुराने एबी रोड पर बापू की कुटिया के पास एक भव्य स्वागत द्वार का निर्माण किया जा रहा है।नगर पालिका द्वारा उज्जैन के महामृत्युंजय द्वार की तर्ज पर बनाए जा रहे इस द्वार पर 2.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कार्य लगभग छह महीने में पूरा होने की उम्मीद है। इस प्रवेश द्वार की चौड़ाई करीब 115 फीट होगी। इसे धौलपुरी लाल पत्थर से नक्काशी कर बनाया जाएगा, जिससे इसमें सौंदर्य के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी।द्वार के पिलर लाल पत्थरों से बनेंगे और सड़क की दोनों लेन के बीच डिवाइडर पर इसका पार्टीशन होगा।इसके ऊपर मंदिर के शिखर की तरह डिजाइन और आकर्षक मेहराब लगाए जाएंगे, साथ ही एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी। शाजापुर में प्रवेश के दोनों रास्तों पर वर्तमान में लोहे के एंगल पर बने स्वागत द्वार लगे हैं। नगर पालिका परिषद के गठन के बाद शहर में भव्य प्रवेश द्वार बनाने की घोषणा की गई थी, जो अब मूर्त रूप ले रही है।बापू की कुटिया के पास निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके लिए पुराने हाईवे पर वाहनों का रास्ता भी डायवर्ट किया गया है। निर्माणाधीन शहरी फोरलेन की चौड़ाई लगभग 104 फीट है, और इसी के अनुसार द्वार का डिजाइन तैयार किया गया है। यह द्वार शहर के धार्मिक महत्व के अनुरूप बनाया जा रहा है। फोरलेन निर्माण पूरा होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा यहां लाइटें लगाने के साथ-साथ पौधारोपण भी किया जाएगा,जिससे शाम होते ही यह इलाका आकर्षक दिखेगा।नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने बताया कि ट्रैफिक पॉइंट और टंकी चौराहा पर भी स्वागत द्वार बनाने की योजना है।ये द्वार मक्सी में बने द्वार की तरह होंगे और पुराने एबी रोड से शहर के अंदर जाने वाले रास्ते पर बनेंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नपाध्यक्ष जैन ने यह भी बताया कि कसेरा बाजार का प्राचीन दरवाजा पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और कई बार इसके हिस्से टूटकर गिर चुके हैं। पुरातत्व विभाग ने इसे नगर पालिका को सौंप दिया है। अब नगर पालिका इस दरवाजे का जीर्णोद्धार करेगी और दरवाजे की चौड़ाई के हिसाब से आसपास का अतिक्रमण भी हटाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *