अबोहर में मिला महिला का अर्धनग्न शव:प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान, एक हाथ गायब, मर्डर करके फेंकने की आशंका

फाजिल्का जिले में अबोहर के बकैनवाला गांव में आज (बुधवार को) नहर से निकलते खाले में एक महिला का अर्धनग्न शव मिला है। शव का एक हाथ गायब है और शरीर पर चोटों के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गांव के सरपंच हरदीप ने खाले में शव पड़ा देखा और तुरंत थाना खुईखेड़ा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एएसआई राज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शहर की नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। सरपंच के अनुसार, मृतका की आयु करीब 30 से 32 साल है। महिला ने गुलाबी रंग की सलवार पहन रखी थी और उसके बायं पैर में चांदी की एक पाजेब भी थी। शव का एक हाथ गायब होने और गुप्तांगों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिलने के कारण सरपंच और समिति सदस्यों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। नहीं हो सकी मृतका की पहचान महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। एएसआई राज कुमार ने बताया कि पुलिस महिला के शरीर पर मिले चोटों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस हत्या और अन्य संभावित पहलुओं से भी जांच करेगी।पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि जिस भी परिवार की कोई महिला गायब हो, वे अबोहर के सरकारी अस्पताल में संपर्क कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में जंगली सुअर भी काफी संख्या में हैं, और महिला के शरीर पर चोटें या हाथ का गायब होना जंगली सुअरों के हमले का परिणाम भी हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *