चित्तौड़गढ़ में मंगलवार देर रात को एटीएम लूट की वारदात को होमगार्ड जवान शंभू व्यास की सजगता ने विफल कर दिया। उदयपुर मुख्य मार्ग पर सेंती इलाके में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर अज्ञात बदमाश कार में आए और गैस कटर से एटीएम काटने लगे। जैसे ही गैस कटर चलाया गया, एटीएम का सायरन तेज आवाज में बजने लगा। उसी समय कुछ दूरी पर गश्त कर रहे होमगार्ड जवान शंभू व्यास ने यह आवाज सुनी। पहले उन्हें लगा कि यह एंबुलेंस की आवाज है, लेकिन लगातार सायरन बजने पर उन्हें कुछ गड़बड़ का अंदेशा हो गया और वे तुरंत मुख्य मार्ग की ओर बढ़े। एटीएम पर पहुंचते ही दिखे बदमाश जैसे ही वे ATM के पास पहुंचे, उन्होंने बाहर एक कार खड़ी देखी और अंदर एक व्यक्ति को गैस कटर के साथ काम करते पाया। यह नजारा देखते ही उन्हें पूरी तरह समझ आ गया कि एटीएम लूट की कोशिश चल रही है। मौके पर एक कार में चौथा साथी बैठा हुआ था, जबकि तीन बदमाश अंदर एटीएम को काट रहे थे। स्थिति को देखकर होमगार्ड शंभू व्यास ने बिना समय गंवाए अपनी विसल बजाई और जोर से आवाज लगाते हुए बदमाशों की ओर दौड़ पड़े। उनकी तेज आवाज और अचानक पहुंचने से घबराए बदमाश कार में बैठकर तेजी से मौके से फरार हो गए। शंभू व्यास बदमाशों से करीब 10 फीट की दूरी रह गए थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और तुरंत प्रशिक्षु डिप्टी को घटना की जानकारी दे दी। पुलिस और दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी मनीष, सदर थाना इंचार्ज और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कटर से काटने के कारण एटीएम मशीन में आग लग गई थी और आसपास धुआं भर गया था। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को बुलाया और आग पर काबू पाया गया। पूरे मामले की जानकारी बैंक प्रबंधन को दे दी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई है और फरार कार सवारों की तलाश जारी है। सभी ने अपना चेहरा ढका हुआ था। वीडियो आया सामने, बहादुरी पर मिला सम्मान इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें होमगार्ड जवान के एटीएम की ओर दौड़ते ही बदमाशों के घबराकर भागने का दृश्य साफ दिखाई देता है। एटीएम लूट की बड़ी वारदात को विफल करने पर पुलिस अधिकारियों ने होमगार्ड शंभू व्यास की जमकर सराहना की। चित्तौड़गढ़ पुलिस उप अधीक्षक (मुख्यालय) बृजेश सिंह ने मौके पर ही उनकी हौसला अफजाई करते हुए उन्हें 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया। उनकी इस सजगता और बहादुरी से न सिर्फ बड़ी वारदात टली, बल्कि शहर में रात की सुरक्षा का भी मजबूत संदेश गया।


