डीग में 69 हजार निष्क्रिय खातों में 11.87 करोड़ रुपए:बैंक लौटाने के लिए चलाएंगे विशेष अभियान, नामित व्यक्ति भी कर सकेंगे दावा

डीग जिले में 69 हजार से अधिक निष्क्रिय बैंक खातों में जमा 11.87 करोड़ रुपए की राशि लौटाने के लिए ‘आपकी पूंजी-आपका अधिकार’ नामक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इन खातों में पिछले 10 वर्षों से कोई लेन-देन नहीं हुआ है। डीग जिले के 9 प्रमुख बैंकों ने लगभग 69,804 ऐसे खाते चिह्नित किए हैं, जिनमें कुल 11 करोड़ 87 लाख रुपए जमा हैं। बैंकों द्वारा अब इन वास्तविक दावेदारों की तलाश की जा रही है। बैंकिंग नियमों के अनुसार जिन बचत या चालू खातों में 10 वर्षों से कोई वित्तीय लेन-देन नहीं होता, उनकी जमा राशि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ‘डिपोजिट एजुकेशन अवेयरनेस फंड’ में स्थानांतरित कर दी जाती है। RBI ने अब संबंधित बैंकों को इन खाताधारकों को ढूंढने और उनकी राशि वापस करने की जिम्मेदारी सौंपी है। बैंक प्रशासन उपभोक्ताओं को एसएमएस, पत्र और दूरभाष के माध्यम से सूचित कर रहा है। इस अभियान को सफल बनाने और खाताधारकों को मौके पर ही समाधान उपलब्ध कराने के लिए 12 दिसंबर को एक जिला स्तरीय जागरूकता व सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, डीग में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो खाताधारकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेंगे। खाताधारक केवाईसी (KYC) करवाकर अपनी राशि पुनः प्राप्त कर सकेंगे। नामित व्यक्ति (नॉमिनी) भी इस राशि पर दावा कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *