आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव बुधवार को ग्वालियर पहुंचे। जहां उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और गढ़रौली गांव में कुशवाहा समाज के युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी। यादव ने इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एजेंट बताया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री चुनाव से पहले बिहार गए और अब कोलकाता गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वे भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। दामोदर यादव ने चेतावनी दी कि वे अब धीरेंद्र शास्त्री को गैर-संवैधानिक यात्राएं नहीं निकालने देंगे। उनके अनुसार, धीरेंद्र शास्त्री से उनकी लड़ाई ‘मंडल-कमंडल’ की विचारधारा वाली है। मंदिर निर्माण पर आपत्ति ली डबरा में एक मंदिर के निर्माण पर भी दामोदर यादव ने आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शुगर मिल की जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया अब मंदिर बना रहे हैं। यादव ने कलेक्टर से इस निर्माण को रुकवाने की मांग की। ग्वालियर के गढ़रौली गांव में कुशवाहा युवक के साथ हुई मारपीट की घटना पर दामोदर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद ओबीसी हैं और ग्वालियर के कुशवाहा सांसद-मंत्री भी हैं, लेकिन वे सभी चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सभी ‘नागपुर से ऑपरेट’ होते हैं। इससे पहले, दामोदर यादव ने इंदरगढ़ में आयोजित चंद्रशेखर आजाद के कार्यक्रम को सफल बताया और दावा किया कि 2028 में मध्य प्रदेश में आजाद समाज पार्टी की सरकार बनेगी।


