13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें नगर निगम संपत्तिकर और जलकर के सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक की छूट दे रहा है। इसकी जानकारी देने के लिए बुधवार को नगर निगम की टीम ढोलक और पीले चावल लेकर राजवाड़ा क्षेत्र में दुकानों पर पहुंची। यहां पर निगम के अधिकारियों ने दुकानदारों को शनिवार को लगने वाली नेशनल लोक अदालत और संपत्तिकर और जलकर के सरचार्ज में दी जा रही छूट के बारे में जानकारी दी। साथ ही दुकानों पर पीले चावल भी रखे। ढोलक और पीले चावल लेकर पहुंचे अधिकारी
नगर निगम के एआरओ अनिल निकम निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजवाड़ा क्षेत्र में पहुंचे। निगम की गाड़ी पर नेशनल लोक अदालत को लेकर जानकारी का पोस्टर लगा था। वहीं ढोलक वालों को लेकर वे राजवाड़ा पर अलग-अलग दुकानों पर पहुंचे। जहां उन्होंने दुकानदारों को पीले चावल दिए। उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत लग रही है। इसमें संपत्तिकर और जलकर पर विशेष छूट दी जा रही है। सभी लोगों से और जितने भी करदाता है, जिनकी बकाया राशि है वे 13 दिसंबर को जोनल ऑफिस व मुख्यालय पर आकर संपत्तिकर और जलकर के सरचार्ज में छूट पाए। शादी की तरह दे रहे न्योता
जैसे लोगों को शादी में बुलाने के लिए पीले चावल दिए जाते है वैसे ही हम पीले चावल देकर लोगों को नेशनल लोक अदालत में आए और बकाया कर जमा कराने के लिए निमंत्रण दे रहे है। संभवत: मध्यप्रदेश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि पीले चावल देकर करदाताओं को न्योता दिया जा रहा है।


