दंपति ने की लाखों रुपए की धोखाधड़ी:निवेश पर 3 से 7 प्रतिशत तक रिटर्न का वादा; बैंक से ज्यादा मुनाफा देने का दावा

इंदौर के खजराना क्षेत्र में रहने वाले एक दंपती पर लोगों से लाखों रुपए ठगने का आरोप लगा है। आरोप है कि दंपती ने तंजील इंटरप्राइजेस नाम की फर्म के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का लालच देकर लोगों से पैसे लिए और बाद में फरार हो गए। टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, शोएब हुसैन सहित सात लोगों की शिकायत पर फर्म के प्रोप्रायटर मोहम्मद तबरेज खान और उनकी पत्नी फिरदोस खान, निवासी इलियास कॉलोनी, के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि तबरेज ने बैंक से ज्यादा मुनाफा देने का दावा किया था। निवेश पर 3 से 7 प्रतिशत तक रिटर्न और जरूरत पड़ने पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त फायदा देने का वादा किया गया। आरोपी ने खुद को लंबे समय से लोडिंग अनलोडिंग के कारोबार में होना बताया और सांवेर रोड स्थित एक गोदाम दिखाकर भरोसा भी दिलाया। आरोप है कि तबरेज ने एक वॉट्सऐप ग्रुप का नंबर दिया, जिसमें करीब 150 लोग जुड़े होने की बात कही गई। इसके बाद अलग-अलग लोगों से रकम ली गई। अक्टूबर के बाद आरोपी दंपती ने मोबाइल बंद कर लिया और पैसे लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, अब तक ठगी की राशि एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामले में अन्य निवेशकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है और जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *