रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हादसा हो गया। ईटखेड़ी जोड़ पर धान की बोरी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में सड़क किनारे बना यात्री प्रतीक्षालय भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार सुबह लगभग 11 बजे हुआ। मृतक की पहचान 51 वर्षीय सगीर पिता नवाब के रूप में हुई है। वह रद्दी का काम करता है। हादसे से वक्त कबाड़ लेने ही जा रहा था। इस दौरान ट्रक के नीचे दब गया। धान से ओवरलोड था ट्रक ट्रक रायसेन से सुल्तानपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक में क्षमता से अधिक धान भरा था, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद ड्राइवर और उसका साथी मौके से फरार हो गया। दो लोग बाल-बाल बचे हादसे के समय यात्री प्रतीक्षालय में बस का इंतजार कर रहे दो लोग मौजूद थे, लेकिन उन्होंने समय रहते दूर हटकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से ट्रक को खाली कर सीधा करने की कार्रवाई की गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे।


