अशोकनगर जिले के नईसराय थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग किशोरी को पुलिस ने शिवपुरी जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 6 दिसंबर को थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के लापता होने की शिकायत मिली थी। लड़की के भाई ने पुलिस को बताया था कि उसकी बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने थाना प्रभारी नईसराय उप निरीक्षक पुनीत दीक्षित को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नईसराय पुलिस की टीम ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए किशोरी को शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम झंडी से दस्तयाब किया। किशोरी के बयानों के आधार पर, पुलिस ने आरोपी गुड्डा पुत्र बाबूलाल आदिवासी (18) निवासी सोहपुर चक, थाना नईसराय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 64(2)(M) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुनीत दीक्षित, एएसआई मेखलाल भलावी, अभिजीत बिसेन (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक अशोक सिंह रघुवंशी, तूफान सिंह, धर्मवीर रघुवंशी, देवेंद्र रघुवंशी, आरक्षक प्रशांत भदौरिया (साइबर सेल), हरी लोधी और आरती कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


