धार नगर पालिका के स्टोर रूम में मंगलवार रात चोरी की वारदात सामने आई। यह घटना ऐसे समय हुई है जब नगर पालिका में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर विधानसभा में जवाब तलब किए गए हैं। इसलिए चोरी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षद प्रतिनिधि अजय सिंह ठाकुर ने बताया कि जनसुनवाई में 10 बिंदुओं पर गंभीर शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनकी फाइलें कलेक्ट्रेट अधिकारियों ने मांगी थीं। इसी दौरान ठाकुर ने आरटीआई में भी कई गोपनीय दस्तावेजों की जानकारी मांगी थी। जवाब न मिलने पर उन्होंने मंगलवार को अपील भी की थी। उसी शाम चोरी होने से संदेह और बढ़ गया। दरवाजे-ताले तोड़कर अंदर घुसा चोर, दस्तावेज गायब जानकारी के अनुसार चोर पीछे के दरवाजे से घुसा। उसने अंदर लगे दरवाजे को तोड़ा और फिर स्टोर रूम के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। अलमारी तोड़कर फाइलें अस्त-व्यस्त कर दीं और कुछ गोपनीय दस्तावेज भी गायब मिले। CMO दो घंटे देर से पहुंचे, FIR में देरी ठाकुर ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) करीब दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे। साथ ही पुलिस में तत्काल FIR भी दर्ज नहीं की गई। ठाकुर ने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया। ठाकुर ने दावा किया कि यह वारदात नगर पालिका द्वारा भ्रष्टाचार के दस्तावेज हटाने के लिए रचा गया षड्यंत्र है। CMO ने आरोप खारिज किए CMO विश्वनाथ सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कोई भी महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी नहीं हुए हैं। सिर्फ दरवाजे का शीशा तोड़कर अज्ञात बदमाश अंदर घुसा था। इस संबंध में कोतवाली थाने में आवेदन दे दिया गया है।


