सलूंबर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025 का समापन पी.पी.एम. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में सलूंबर विधायक अमृत लाल मीणा मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने अध्यक्षता की और विजेताओं को सम्मानित किया। महोत्सव में विज्ञान मेला, एकल एवं समूह लोक नृत्य, लोकगीत, भजन, चित्रकला, भाषण, हस्तकला, फूड, कहानी लेखन, कविता लेखन, कठपुतली, मोरचंग और मांडणा सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। विज्ञान मेले में चेतना मीणा, हितेश कुमार मीणा, ललिता कुमारी, कैलाश कुमारी, सविता कुमारी, कुसमा कुमारी, कृष्णा सुथार और प्रेमी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपने अभिनव मॉडलों से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। समूह लोकगीत प्रतियोगिता में नीता कुंवर, धारा कुंवर, लता कुंवर, दीपिका कुंवर, रुचि कुंवर और विधा सुधार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल लोकगीत में पंकज डोली ने अपनी दमदार आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया। समूह लोकनृत्य में छाया पटेल और उनकी टीम ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगाए। कहानी लेखन में धीरज चौबिया और कविता लेखन में राजेश कुमार मीणा की प्रस्तुतियों को निर्णायकों ने उत्कृष्ट श्रेणी में चुना। चित्रकला में हिमांशु कुमार और भाषण प्रतियोगिता में धीरज चौबिया ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। फूड प्रतियोगिता में खुशाल जोशी ने अपने बेहतर स्वाद और कौशल के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। मांडणा प्रतियोगिता में जाह्नवी जोशी और भपंग में पंकज डोली ने भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। सम्मान समारोह में कलेक्टर अवधेश मीणा ने कहा कि “युवा महोत्सव युवा शक्ति को मंच प्रदान करता है। प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं।” कार्यक्रम का संचालन चंद्रवीर सिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी आर.के. रावत, प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कमलेश पटेल और विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहे।


