डीडवाना में पुलिस ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति खंडित करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम पीह में मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने वाले 2 हजार के इनामी आरोपी गुलाबपुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया (RPS) और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल (RPS) के सुपरविजन में की गई। प्रकरण की जांच थानाधिकारी महीराम विश्नोई (पु.नि.), पुलिस थाना पीलवा और उनकी टीम द्वारा की जा रही है। ग्राम पीह के सरपंच अमरचंद जाजड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अंबेडकर सर्किल पर स्थापित बाबा साहेब की मूर्ति के सिर को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने रात में खंडित कर दिया था। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सूचनाएं जुटाई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर चुकी है और एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था। आज पुलिस ने इनामी आरोपी गुलाबपुरी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अन्य बचे हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी पीलवा महीराम विश्नोई, तेजाराम, नंदकिशोर, जितेंद्र, महेंद्र, रविंद्र, कैलाश, जगदीश और मनीष तिवाड़ी सहित पूरी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।


